पहली लालिमा - by Dr. Asha Sharan


पहली लालिमा

-

अरुणोदय की पहली लालिमा

जग में खुशहाली लाती है,

कोई पनिहारी पनघट में

मधुर गीत सुनाती है।


जग की अलसाई आँखें

नयनों में नए राग जगाती है,

नील गगन में ठहर नीहारिका

जीवन संग प्रीत लगाती है।


सुबह की नवल किरण

जग को जीवन-राग सुनाती है,

पक्षी का कलरव,भौंरे की गुनगुन

जग में नया उत्साह जगाती है।


इठलाती, मदमाती बहती बयार

चुपके से कानों में कुछ कह जाती है,

नव पल्लव का कोमलपन

नव जीवन का अहसास कराती है।


मंत्रों की गूँज, अजानों की नाद

मन में एकता का भाव जगाती है,

अरुणोदय की पहली लालिमा

जग में खुशहाली लाती है।


- डॉ० आशा शरण 

खंडवा, मध्य प्रदेश

No comments

Powered by Blogger.